डेली संवाद, जालंधर
विद्या भारती पंजाब द्वारा सर्वहितकारी शिक्षा समिति व प्रकाश राय खन्ना और कौशल्या देवी यादगारी ट्रस्ट की ओर से शनिवार को श्री गुरु नानक देव जी के 550 वें प्रकाश उत्सव को समर्पित “जल संकल्प दिवस” मनाया जाएगा। यह जानकारी विद्या भारती के उत्तर क्षेत्रीय संगठन मंत्री विजय नड्डा ने दी।
सम्पूर्ण विश्व की ज्वलंत समस्या “जल प्रदूषण और घटते जल स्तर ” विषय पर “जल संरक्षण अभियान” के तहत विद्या भारती ने प्रदेश भर के विद्यार्थियों को जल संरक्षण के लिए जागरूक करने का अभियान चलाया था। जिसमें विद्या भारती के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर के स्कूलों में संपर्क किया और उन्हें इस अभियान हिस्सा बनने का आग्रह किया था।
उल्लेखनीय है कि विद्या भारती के प्रयासों द्वारा आगामी 16 नवम्बर 2019 को 11 बजे प्रदेश भर के एक लाख से अधिक विद्यार्थी “ जल बचाओ संकल्प ” कर्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। विद्या भारती के उत्तर क्षेत्रीय संगठन मंत्री विजय नड्डा ने बताया कि विद्या भारती पंजाब इकाई द्वारा देश और समाज की ज्वलंत समस्याओं पर समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहता है।
उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में “जल संरक्षण अभियान” भी एक विशाल कार्यक्रम है। जिसको लेकर प्रदेश भर के स्कूलों और विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी के तहत सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के लाखों विद्यार्थी अपने जीवन में जल बचाने और उसका अधिक से अधिक संरक्षण करने का संकल्प लेंगे।
प्रदेश के लगभग हर जिले और कस्बे में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसके अंतर्गत पंजाब के महानगरों में अनेक बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें कई जगह विद्या भारती के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहेंगे।