लंदन (ब्रिटेन)। पूर्वी लंदन में सिख समुदाय के दाे गुटों में रविवार (19 जनवरी) को विवाद हाे गया। इस दौरान तीन सिख युवकों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मरने वालों में पंजाब के पटियाला का हरिंदर कुमार, सुल्तानपुर लोधी का बलजीत और होशियारपुर का नरिंदर सिंह हैं। तीनों कंस्ट्रक्शन का काम करते थे। स्कॉटलैंड पुलिस ने बताया कि खून से लथपथ युवक सेवन किंग्स एरिया के रेडफोर्ड में मिले थे।
पुलिस ने शक के आधार पर दो सिख युवकों को गिरफ्तार किया है। चीफ सुपरिंटेंडेंट स्टीफन ने बताया कि युवकों ने कंस्ट्रक्शन का काम किया था। पैसे मांगने पर दूसरे गुट से विवाद हाे गया, जो खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपियों ने तीनों युवकों को चाकुओं से गोद कर मार डाला।
[ads1]
घर बेचकर हरिंदर को भेजा गया था लंदन
पटियाला की न्यू ग्रीन पार्क कॉलोनी के हरिंदर कुमार के पिता लविंदर ने बताया कि 2011 में इकलौते बेटे हरिंदर को मकान बेचकर पढ़ाई के लिए लंदन भेजा था। उसका किसी से झगड़ा नहीं था। हरिंदर की शिनाख्त के लिए परिवार के किसी व्यक्ति को लंदन जाना होगा, लेकिन परिवार खर्च उठाने में असमर्थ है। वहीं, सुल्तानपुर लोधी के बलजीत की मां भजन कौर ने बताया कि 15-16 साल पहले लंदन गया बलजीत नौकरी में परमानेंट नहीं होने की वजह से लौट नहीं पाया था। वह अब लौटकर घर बनवाने की बात कह रहा था।
[ads2]
नरिंदर सिंह 6 बहनों का इकलौता भाई था
होशियारपुर के गांव आदमवाल का नरिंदर सिंह 6 बहनों का इकलौता भाई था। पिता हरजीत सिंह ने बताया कि 2011 में नरिंदर स्टडी वीजा पर गया था। 2020 में लौटने वाला था। उसके दोस्तों ने अब कभी नहीं आने की सूचना दी। तीनों के परिजन ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है।