अशोक सिंह भारत
डेली संवाद, नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी वाड्रा को बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें पार्टी की ओर से पूर्वी उत्तर प्रदेश का महासचिव नियुक्त किया गया है। वे फरवरी के पहले सप्ताह से यह जिम्मेदारी संभालेंगी।
इसके अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी उत्तर प्रदेश में अहम जिम्मेदारी दी गई है। सिंधिया को पार्टी की ओर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का महासचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, केसी वेणुगोपाल को पार्टी के मुख्य महासचिव बनाया गया है।
प्रियंका गांधी वाड्रा की नियुक्ती पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मोतीलाल वोरा ने कहा कि प्रियंका जी को दी गई जिम्मेदारी काफी अहम है। इसका असर केवल पूर्वी उत्तर प्रदेश पर ही नहीं, बल्कि अन्य जगहों पर भी पड़ेगा।
संगठन महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे अशोक गहलोत के राजस्थान का मुख्यमंत्री बनने के बाद वेणुगोपाल की नियुक्ति की गई है। उत्तर प्रदेश के लिए प्रभारी-महासचिव की भूमिका निभा रहे गुलाम नबी आजाद को अब हरियाणा की जिम्मेदारी दी गयी है।
रॉबर्ट वाड्रा ने दी बधाई
रॉबर्ट वाड्रा ने फेसबुक पोस्ट के जरिए से पत्नी प्रियंका गांधी को बधाई दी है। उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए प्रियंका को कांग्रेस का महासचिव बनाए जाने पर लिखा है कि जिंदगी के हर फेज में आपके साथ रहा हूं। आप अपना सर्वश्रेष्ठ दें।
पंजाब कांग्रेस ने दी बधाई
पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, जालंधर के विधायक सुशील रिंकू, परगट सिंह, राजिंदर बेरी, बावा हैनरी, डिप्टी मेयर हरसिमरनजीत सिंह बंटी, मेयर जगदीश राजा, कांग्रेस के पूर्व जिला प्रधान दलजीत सिंह आहलूवालिया, प्रदेश सचिव मेजर सिंह, कांग्रेसी नेता सुनील शर्मा, जगजीत जीता, गोली हांडा समेत अन्य लोगों ने बधाई दी है।
पीएम मोदी का प्रियंका की राजनीति में एंट्री पर हमला
बीजेपी बूथ वर्कर्स से संवाद में बिना नाम लिए पीएम मोदी ने प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के लिए परिवार ही पार्टी है, हमारे लिए पार्टी ही परिवार है। हमारा विरोध कांग्रेस की संस्कृति से है। कांग्रेस मुक्त देश का मतलब कांग्रेस मुक्त संस्कृति से है। वह बीजेपी बूथ वर्कर्स से संवाद के दौरान महाराष्ट्र के कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे।
WhatsApp पर न्यूज़ Updates पाने के लिए हमारे नंबर 8847567663 को अपने Mobile में Save करके इस नंबर पर Missed Call करें। हमें फेसबुक और गूगल प्लस पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।