संगरूर। Sangrur News: संगरूर में खालिस्तानी नारे लिखने वाले 3 आरोपियों को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बरनाला के हमीदी के रहने वाले आरोपी ने अपने साले और उसके बेटे के साथ मिलकर यह नारे लिखे। इन तीनों ने प्रतिबंधित खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के कहने पर यह नारे लिखे थे। जिसके बदले उनके खाते में विदेश से भी पैसे आए।
पुलिस के मुताबिक इन्हीं तीनों ने संगरूर से हरियाणा के करनाल जाकर वहां भी खालिस्तानी नारे लिखे थे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए संगरूर के SSP मनदीप सिद्धू ने बताया कि 19 जून और 26 जून को संगरूर में कुछ खालिस्तान से जुड़े नारे लिखे गए थे। यह एक धार्मिक स्थल और कुछ अन्य जगहों पर लिखे गए थे।
प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। इनका मकसद समाज में गड़बड़ी पैदा करना और भाईचारे को तोड़कर समुदायों में तनाव पैदा करना था। एसएसपी सिद्धू ने बताया कि SFJ ने वीडियो जारी कर इनकी जिम्मेदारी ली थी। इस मामले में रेशम सिंह, उसका साला कुलविंदर सिंह और उसका बेटा मनप्रीत सिंह शामिल थे। रेशम सिंह चंडीगढ़ स्थित एलांटे मॉल और दूसरे मॉल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता रहा है।