डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब (Punjab) के जालंधर में होने वाले उपचुनाव (By Poll) को लेकर सियासत तेज हो गई है। सभी राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रही हैं और कार्रवाई की मांग कर रही हैं।
जालंधर पहुंचे कांग्रेस पंजाब अध्यक्ष और लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग(Amarinder Singh Raja Vading), प्रताप सिंह बाजवा (Pratap Singh Bajwa) और चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) ने एक बड़ी बैठक की और लोगों से कांग्रेस के लिए वोट मांगा।
चन्नी ने AAP और BJP पर निशाना साधा
इसी बीच चरणजीत सिंह चन्नी ने मीडिया से बातचीत में आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजेपी (BJP) पर जमकर निशाना साधा। जालंधर के सांसद और पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा- जो काम पूर्व विधायक शीतल अंगुराल और पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू संभालते थे। आजकल वह काम कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा कर रहे हैं।

दिल्ली के तर्ज पर पंजाब में भी शराब नीति घोटाला हुआ- चन्नी
एमपी चन्नी ने कहा- अरविंद केजरीवाल को फिलहाल जमानत मिलती हुई नजर नहीं आ रही है। दिल्ली में जैसा शराब घोटाला किया गया, वैसा ही पंजाब में भी हुआ है। इसकी भी जांच होनी चाहिए।

क्योंकि ये घोटाला हजारों करोड़ रुपए का है। चन्नी ने कहा- जिस शराब नीति के कारण दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को पकड़ा है, वही शराब नीति अब पंजाब में भी चलाई जा रही है। दिल्ली में तो उक्त शराब नीति वापस ले ली गई है, मगर पंजाब में वह जब की तस चल रही है।
हरियाणा के सीएम सैनी पर भड़के चन्नी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक बयान में कहा था कि पंजाब बड़ा भाई है, पर रावी और ब्यास का पानी हरियाणा को देना चाहिए। जिसे लेकर चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि वह तो सिर्फ लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।

उन्हें कानून के बारे में पता नहीं है, कल हम यमुना का पानी मांगने लग जाएंगे, ऐसा तो संभव नहीं होगा। यह बेबुनियाद बातें की गई है। चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा- भाजपा की की ऐसी ही नीतियां पंजाब में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही हैं।