डेली संवाद, चंडीगढ़/नई दिल्ली/लखनऊ। Weather Today: पंजाब में गर्मी (Weather of Punjab) अपने पूरे उफान पर है। नौतपा के तीसरे दिन के तापमान ने बीते 46 साल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। बठिंडा में सोमवार तापमान 48.4 डिग्री दर्ज किया गया। ये पंजाब का अब तक का सर्वाधिक तापमान है।
यह भी पढ़ें – कनाडा सरकार की बड़ी घोषणा, अगर कनाडा में रहना है, तो करना होगा ये काम
वहीं, मौसम विभाग ने 29 मई तक रेड अलर्ट जारी कर दिया है। इसके बाद वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौसम विभाग की तरफ से जारी जानकारी के अनुसार पंजाब में अभी दो दिन नौतपा का असर देखने को मिलेगा। इस दौरान तापमान में थोड़ी और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

बठिंडा में तापमान 48.4 डिग्री
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के बठिंडा में तापमान 48.4 डिग्री दर्ज किया गया है, जो 21 मई 1978 के तापमान से 0.7 डिग्री अधिक है। उक्त तारीख को पंजाब का अधिकतम तापमान अमृतसर में 47.7 डिग्री दर्ज किया गया था। बठिंडा के बाद सर्वाधिक तापमान पठानकोट में 47.1 डिग्री रहा है। वहीं, फिरोजपुर का तापमान 45.7 डिग्री, फरीदकोट का तापमान 45.6 डिग्री, अमृतसर का 45.4 डिग्री दर्ज किया गया है।

यूपी में भी टूटा गर्मी का रिकार्ड
उत्तर प्रदेश में नौतपा के तीसरे दिन सोमवार को आसमान से आग बरसी तो धरती तप गई। झांसी में गर्मी का 26 वर्ष का रिकॉर्ड टूटा तो आगरा 30 वर्ष बाद सबसे गर्म रहा। झांसी में दिन का पारा 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके पहले 20 मई 1998 में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
यह भी पढ़ें: कनाडा में इमीग्रेशन रूल्स में हुआ बड़ा बदलाव
ताजनगरी में अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके पहले यहां 31 मई 1994 को दिन का पारा 48.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, लखनऊ में भी भीषण गर्मी का दौर जारी है। यहां अधिकतम तापमान 44.3 और न्यूनतम 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में मंगलवार और बुधवार को फिलहाल कोई राहत के आसार नहीं हैं।