डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: भाजपा किसान मोर्चा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह नैनेवाल ने आज चंडीगढ़ में भाजपा के प्रदेश कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पंजाब सरकार द्वारा किसानों पर किए गए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भगवंत मान सरकार के अत्याचार बर्दाश्त योग्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा अभी तक पंजाब के किसानों को गुलाबी सुंडी और ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा नहीं दिया गया है और ना ही बाढ़ से हुए नुकसान का कोई मुआवजा दिया गया है। भगवंत मान सरकार सिर्फ बातें और गलत बयानबाजी कर रही है। उल्टा हमारे किसानों पर अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार किसानों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है जो बर्दाश्त के बाहर है।
ये भी पढ़ें: नेहा टोका फैक्ट्री का मालिक गौ मांस के कारोबारियों से हर माह लेता था 1.80 लाख रुपए
नैनेवाल ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री एक अहंकारी राजा की तरह व्यवहार कर रहे हैं। जिसकी भाजपा पंजाब कड़ी निंदा करती है। बीजेपी किसान मोर्चा ने मांग की कि किसानों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अधिकारी को तुरंत बर्खास्त किया जाए और किसानों की सभी मांगें मानी जाएं। पंजाब सरकार को किसानों से किए गए सभी वादे तुरंत पूरे करने चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पंजाब के लोगों से कोई सहानुभूति नहीं है।
ये भी पढ़ें: 14,000 करोड़ की बोगस बिलिंग, STF को जालंधर के ‘पंकू’ और ‘बंटी’ की तलाश
मुख्यमंत्री बाढ़ पीड़ितों की मदद करने के बजाय बाहरी राज्यों में आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं। यह बहुत ही निंदनीय है। भाजपा किसान मोर्चा पंजाब इसकी कड़ी निंदा करता है। उन्होंने मांग की कि लोंगोवाल में लाठीचार्ज के दौरान शहीद हुए किसान के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। परिवार का सारा कर्ज माफ किया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इस मौके पर उनके साथ पंजाब बीजेपी के प्रदेश मीडिया संयुक्त सचिव हरदेव सिंह उभा और गुलशन सूद मौजूद थे।