दीपक गुप्ता
डेली संवाद, लुधियाना
पंजाब के लुधियाना से बड़ी खबर है। लुधियाना में प्लाट की दीवार तोड़ स्कूटर चोरी करने तथा उस पर फर्जी नंबर लगा कर चलाने के आरोप में थाना हैबोवाल पुलिस ने कांग्रेस के हलका देहाती चेयरमैन पर केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू की है।
एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि उसकी पहचान फील्ड गंज के कूचा नंबर 5 निवासी अवतार सिंह उर्फ लाडी के रूप में हुई। पुलिस ने चंडीगढ़ रोड के सेक्टर 32 स्थित एलआईजी कालोनी निवासी वंदना शर्मा की शिकायत पर उक्त केस दर्ज किया।
पुलिस कमिश्नर को 12 नवंबर 2021 में दी शिकायत में महिला ने बताया कि गांव बल्लोके में उसका 95 वर्ग गज का एक प्लाट है। आरोपित ने उसकी दीवारों को तोड़ कर अंदर खड़ा एक्टिवा स्कूटर नंबर पीबी 08 डीपी 8692 चोरी कर लिया। बाद में उस पर फर्जी नंबर पीबी10डीजे 7013 लगा कर उसे चलाता रहा।
मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने आरोप सही पाए जाने पर उसके खिलाफ केस दर्ज करने की सिफारिश कर दी। डीए लीगल की राय लेने के बाद पुलिस ने केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।