चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव से पहले पंजाब की सियासत में बड़ा उलटफेर हो सकता है। कांग्रेस हाईकमान ये दांव पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू पर खेल सकता है। अभी हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में नवजोत सिंह सिद्धू ने तीन राज्यों में जिस तरह से अपना जलवा दिखाया है, उससे पार्टी हाईकमान उन्हें प्रमोट करने जा रही है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में नवजोत सिंह सिद्धू का जलवा सिर चढ़कर बोला। यही नहीं लुंज-पुंज अवस्था में चल रही कांग्रेस के लिए नवजोत सिंह सिद्धू किसी चमत्कार से कम नहीं है। तीन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद अब नवजोत सिंह सिद्धू पर कांग्रेस दांव लगाने जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस हाईकमान नवजोत सिंह सिद्धू या उनकी पत्नी को लेकर बड़ा फैसला करने वाली है। कभी भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर अमृतसर से लोकसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक बना चुके नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस लोकसभा चुनाव के मैदान में उतार सकती है। फिलहाल पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी यही चाहते हैं। हालांकि सिद्धू खुद की बजाए अपनी पत्नी को लोकसभा चुनाव में उतारना चाहते हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी चाहते हैं कि नवजोत सिंह सिद्धू लोकसभा का चुनाव लड़े। इसके लिए उन्होंने पार्टी हाईकमान को संकेत दे दिया है। अगर नवजोत सिंह सिद्धू लोकसभा चुनाव लड़ते हैं तो कैप्टन के लिए रास्ता और भी आसान होगा।
Hindi News से जुड़े अपडेट के लिए हमें फेसबुक और गूगल प्लस पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करे…