नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पंजाब कांग्रेस कमेटी (PCC) और पंजाब के सभी जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) को भंग कर दिया। फिलहाल सुनील जाखड़ पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष बने रहेंगे।
सोनिया गांधी ने यह फैसला दिल्ली में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ बैठक के बाद किया है। उन्होंने सभी कमेटियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पंजाब प्रदेश कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी की सभी पदाधिकारियों के ओहदे खत्म हो गए हैं। अब नए सिरे से ये कमेटियां बनाई जाएंगी।
[ads1]
इस मसले को लेकर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोनिया गांधी के साथ अलग से भी बैठक की। दस मिनट तक चली इस मुलाकात के दौरान माना जा रहा है कि राज्यसभा सदस्य प्रताप सिंह बाजवा का भी मुद्दा उठा। पंजाब के राजनीतिक व प्रशासनिक मुद्दों को लेकर कैप्टन के साथ दो चरणों में बैठक हुई।
[ads2]
पहले चरण में आशा कुमारी व जाखड़ थे, जबकि दूसरे चरण में सिर्फ कैप्टन के साथ बैठक हुई। पहले चरण में सोनिया का मुख्य फोकस नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और महंगी बिजली को लेकर था। कैप्टन ने उन्हें बताया कि पंजाब विधानसभा में सीएए के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। प्रदेश सरकार सुप्रीम कोर्ट में भी इस कानून के खिलाफ जा रही है।