डेली संवाद, जालंधर। Firing in Jalandhar: जालंधर की एक पॉश सोसाइटी में आधी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने गुस्से में आकर फायरिंग कर दी। यह घटना सूर्या एनक्लेव (Surya Enclave) स्थित शौर्य ग्रीन अपार्टमेंट्स की है, जहां शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे एक युवक सोसाइटी में प्रवेश करने पहुंचा।
गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने जब उसे रोककर पूछताछ की, तो युवक अचानक भड़क उठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने पहले गार्ड के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। बात इतनी बढ़ गई कि उसने गुस्से में अपनी पिस्टल निकाल ली और हवा में एक फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनते ही सोसाइटी में रहने वाले लोग दहशत में आ गए।
सिक्योरिटी गार्ड से बहस कर रहा
गहरी नींद में सो रहे लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने मौके पर पहुंचकर युवक को घेर लिया, जहां वह अब भी सिक्योरिटी गार्ड से बहस कर रहा था। इसके बाद सोसाइटी के निवासियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रामा मंडी थाने की पुलिस (Jalandhar Police) मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवक, जिसकी पहचान रूबी के रूप में हुई है, ने सोसाइटी में एक फ्लैट किराए पर लिया हुआ है। युवक का कहना है कि वह अपने ही फ्लैट में जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन गार्ड उसे बिना वजह रोककर परेशान कर रहा था। हालांकि, पुलिस को शक है कि घटना के समय युवक शराब के नशे में था, जिस कारण उसने आक्रामक व्यवहार किया।
मामला दर्ज
इस मामले में एसीपी सेंट्रल अजय सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम पर फायरिंग की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि फायरिंग के पीछे की असली वजह क्या थी और क्या आरोपी ने शराब के प्रभाव में आकर यह कदम उठाया। इस घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

