Haryana News: पंजाब के प्रॉपर्टी डीलर पर चली गोलियां, आरोपी पूर्व मंत्री का बेटा

Rahul Verma
4 Min Read

डेली संवाद, कुरुक्षेत्र। Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब पंजाब से आए एक प्रॉपर्टी डीलर पर कथित तौर पर फायरिंग कर दी गई। घटना पिहोवा क्षेत्र के गुमथला गढ़ू गांव की है, जहां निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी ने दो राउंड गोलियां चलाईं।

इस फायरिंग में प्रॉपर्टी डीलर के पैरों में गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान पटियाला निवासी संदीप सिंह उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। उन्हें उनके साथियों द्वारा तुरंत पिहोवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

Property Dealer from Punjab Fired Upon in Kurukshetra
Property Dealer from Punjab Fired Upon in Kurukshetra

पीड़ित संदीप सिंह ने आरोप लगाया है कि फायरिंग करने वाला व्यक्ति हरियाणा (Haryana) के पूर्व कृषि मंत्री जसविंदर सिंह संधू का बेटा गगनजोत संधू है। संदीप के मुताबिक, उन्होंने ‘उदय वेलफेयर सोसायटी’ नाम से एक NGO बना रखी है और उसी के लिए उन्होंने गुमथला गढ़ू गांव में हाईवे किनारे करीब एक एकड़ जमीन खरीदी थी। इस जमीन पर निर्माण कार्य चल रहा था।

संदीप ने बताया कि रविवार शाम करीब 5 बजे गगनजोत संधू मौके पर पहुंचा और आते ही निर्माण कार्य बंद करने की धमकी देने लगा। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर उन पर फायरिंग कर दी। दो गोलियां उनके पैरों में लगीं, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उनके साथ मौजूद अन्य लोगों पर भी 2-3 हवाई फायर किए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भाग खड़े हुए।

पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में संदीप के साथियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सदर के SHO सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह विवाद जमीन के स्वामित्व को लेकर चल रहा है। बताया जा रहा है कि हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 के पास स्थित इस जमीन को पूर्व मंत्री जसविंदर सिंह संधू ने खरीदा था। उनके निधन के बाद जमीन उनके बेटों में बंट गई।

आरोपी की तलाश जारी

आरोपी गगनजोत संधू का दावा है कि जिस जमीन पर निर्माण किया जा रहा है, उसका कुछ हिस्सा उसके हिस्से में आता है और उसी को लेकर यह विवाद हुआ। वहीं, घायल संदीप का कहना है कि उन्होंने यह जमीन गगनजोत के भाई हरकीरत संधू से विधिवत खरीदी है और उनके पास सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं।

SHO सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ित के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर निगरानी बढ़ा दी है।

Share This Article
राहुल वर्मा डेली संवाद (Daily Samvad) में मुख्य एडिटर हैं और डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 8+ वर्षों का अनुभव रखते हैं। वे न्यूज़ कंटेंट की गुणवत्ता, सटीकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की पूरी जिम्मेदारी संभालते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य है कि पाठकों तक केवल सत्यापित और निष्पक्ष जानकारी ही पहुँचे।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *