डेली संवाद, चंडीगढ़। Weather Update: पंजाब (Punjab)और हरियाणा (Haryana) के कई इलाके में प्री मानसून की बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, मंगलवार को पंजाब के 13 जिलों और हरियाणा के 8 जिलों में हीटवेव (Heat Wave) का अलर्ट (Alert) जारी किया गया है। इसके अलावा, हिमाचल (Himachal) में बारिश और तूफान आने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: कनाडा जाने का प्लान? पहले पढ़ लें ये खबर! PEI की नई नीति आपके लिए भी बन सकती है मुसीबत
मौसम विभाग (India Meteorological Department) ने पंजाब के गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, लुधियाना और संगरूर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। ये अलर्ट सिर्फ आज के लिए है। सोमवार देर रात बठिंडा के तलवंडी साबो के नथेहा गांव में भाखड़ा में दरार आ गई। इसकी वजह से किसानों की करीब 100 एकड़ फसल डूब गई। किसानों का आरोप है कि लीकेज के कारण दरार आई है।

हरियाणा में भी हीटवेव
वहीं, हरियाणा के अंबाला, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, हिसार, भिवानी, रोहतक और चरखी दादरी में हीटवेव को लेकर अलर्ट है। बीती शाम गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, अंबाला, यमुनानगर, पानीपत और पंचकूला में तेज हवा के साथ बारिश हुई।
इसके अलावा, जालंधर में सोमवार को 2 लोगों के शव बरामद हुए। एक शव ट्रांसपोर्ट नगर और दूसरा इंडस्ट्रियल एरिया में पड़ा हुआ था। दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। आशंका जताई गई है कि दोनों की मौत गर्मी से हुई है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद हो पाएगा।

चंडीगढ़ में भी अलर्ट
उधर, चंडीगढ़ में मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। कुछ दिनों से शहर का तापमान 40 डिग्री के आसपास चल रहा है। 28 जून को बारिश होने की संभावना है। इससे पहले गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।
हिमाचल में बारिश शुरू
हिमाचल की बात करें तो मंगलवार को गोहर में 62.6, एचएमओ शिलारो में 31.2, रामपुर बुशहर में 18.2, मंडी में 15.2, रोहड़ू में 11.3, सांगला में 11.2, चंबा में 11.0, जोगिंदरनगर में 11.0, चौपाल में 10.0, पांवटा साहिब में 10.0, नारकंडा में 7.3, पंडोह में 7.0, कुफरी में 6.4, मनाली में 6.0 और डलहौजी आल्हा में 6.0 MM बारिश रिपोर्ट हुई। आज भी मौसम विभाग की तरफ से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पंजाब-हरियाणा में बारिश होगी सामान्य
हरियाणा में आने वाले एक-दो दिन में मानसून MP और UP के रास्ते दस्तक देगा। अबकी बार भी दोनों ओर से मानसून के आगे बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग पहले ही कह चुका है कि इस बार हरियाणा में सामान्य बरसात होगी।
वहीं, पंजाब में भी इस बार मानसून समय पर दस्तक देगा। हरियाणा तक मानसून पहुंचने के एक सप्ताह के अंदर-अंदर मानसून पंजाब पहुंच जाएगा। मौसम विभाग ने इस बार बरसात सामान्य होने की बात कही है।

हिमाचल में आ सकती है बाढ़
हिमाचल की बात करें तो यहां प्री-मानसून ने ही कहर ढाना शुरू कर दिया है। ऊपरी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लाहौल-स्पीति में फ्लैश फ्लड आने से उदयपुर-तांदी स्टेट हाईवे बंद हो गया।
स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (SDMA) के अनुसार, रविवार शाम 3 बजे उदयपुर सब डिवीजन में तेज बारिश हुई। इससे मधग्राम नाले में बाढ़ आई और उदयपुर को तांदी से जोड़ने वाली सड़क पर भारी मलबा आ गया। सोमवार सुबह 11 बजे तक मार्ग को खोला गया।