डेली संवाद, मुंबई। Rapper Badshah: बादशाह भारत के मशहूर गायक- रैपर हैं। उन्होंने कई सुपरहिट गाने दिए हैं। मौजूदा दौर की बॉलीवुड फिल्मों में उनकी जबर्दस्त मांग है। उनके गाने को हिट की गारंटी माना जाता है।
यह भी पढ़ें – कनाडा सरकार की बड़ी घोषणा, अगर कनाडा में रहना है, तो करना होगा ये काम
हालांकि, एक वक्त ऐसा भी था, जब संगीत की दुनिया में बादशाह नहीं मशहूर रैपर हनी सिंह की तूती बोलती थी। हनी सिंह उस वक्त देश के एकमात्र मशहूर रैपर थे। उस दौर में बादशाह भी हनी सिंह के साथ काम किया करते थे। हालांकि, इसके बाद दोनों में दूरियां आ गई थी और फिर दोनों के बीच लगातार तकरार देखने को मिलती रही।
बादशाह ने हनी सिंह से विवाद खत्म किया
बादशाह और हनी सिंह के बीच विवाद सार्वजनिक है, लेकिन शुक्रवार को देहरादून कॉन्सर्ट में बादशाह ने हनी सिंह के साथ लंबे समय से चले आ रहे विवाद को खत्म कर दिया है। 38 वर्षीय रैपर ने देहरादून में ग्रैफेस्ट 2024 में अपने प्रदर्शन के दौरान इन विवादों पर विराम लगाते हुए कहा कि वह आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।

मशहूर रैपर बादशाह ने कहा, “मेरे जीवन में एक ऐसा दौर था जब मेरे मन में एक व्यक्ति के प्रति काफी द्वेष था और अब मैं इसे खत्म करना चाहता हूं। उस व्यक्ति से द्वेष को अब पीछे छोड़ना चाहता हूं और वो व्यक्ति हैं हनी सिंह।”
हमें तोड़ने वाले बहुत थे- बादशाह
बादशाह ने आगे कहा ,”मैं कुछ गलतफहमी के कारण दुखी था, लेकिन फिर मुझे अहसास हुआ कि जब हम साथ थे तो जोड़ने वाले बहुत कम थे, मगर तोड़ने वाले बहुत थे। आज, मैं बस सभी को यह बताना चाहता हूं कि मैंने वह दौर पीछे छोड़ दिया है और अब मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं”। हालांकि, बादशाह के इस बयान पर 41 वर्षीय हनी सिंह ने अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।
माफिया मुंडीर का थे हिस्सा
बादशाह और हनी सिंह को देश के शीर्ष रैपर्स में से एक माना जाता है। दोनों की बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है। करियर के शुरुआती दिनों में दोनों कलाकारों ने एक रैप बैंड बनाई थी।
इस बैंड का नाम माफिया मुंडीर था। इस बैंड में मौजूदा दौर के इक्का, लिल गोलू और रफ्तार जैसे कई मशहूर रैपर्स शामिल थे। इस बैंड ने ‘खोल बोतल’, ‘बेगानी नार बुरी’ और ‘दिल्ली के दीवाने’ जैसे कई हिट ट्रैक दिए थे।
यह भी पढ़ें: कनाडा में इमीग्रेशन रूल्स में हुआ बड़ा बदलाव, हजारों भारतीय छात्रों और नागरिकों को झटका
हालांकि, फिर समय के साथ बैंड में खटास आ गई और टीम बिखर गई। बादशाह और हनी सिंह के बीच झगड़ा सार्वजनिक हो गया, जिसके बाद दोनों के रास्ते अलग हो गए, मगर दोनों सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार एक दूसरे पर निशाना साधते रहे।